दो गुटों के बीच गैंगवार: चाकू घोंपकर युवक की हत्या, बाईपास पर फेंका शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो गुटों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसी दौरान एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी के मैट्रिक्स चौक निवासी ओम और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात ओम अपने साथियों के साथ घर के पास खड़ा था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद पहले घूरने और गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। दोनों ओर से हाथ-मुक्के और लाठी-डंडे चलने लगे।
चाकू से हमला, मौके पर मौत
मारपीट के दौरान आरोपियों ने ओम दिवाकर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर वहां से भागने लगे।
ओम के साथियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। हत्या की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को पकड़ लिया। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
रातभर मौके पर पड़ा रहा शव
आरोपियों ने इसके बाद मृतक का शव बाईपास पर फेंक दिया। शव घटना स्थल फदहाखार जंगल के पास होने के कारण रात में फोरेंसिक जांच में परेशानी हुई। पुलिस ने साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए शव को रात में मौके से नहीं हटाया। सोमवार सुबह फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया।
मृतक और आरोपी पर पहले से मामले दर्ज
बताया जा रहा है कि मृतक ओम दिवाकर और आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों पर मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले दोनों को हथियार लेकर घूमते हुए पकड़ा गया था। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया था। कुछ समय पहले ही दोनों जमानत पर बाहर आए थे। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी घटना की जांच कर रही है और विवाद में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
बहन से मोबाइल पर बात करना पड़ा भारी, युवक की चाकू घोंपकर हत्या, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार











