मां कौशल्या धाम में साहू समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न, हजारों समाजिकजन हुए शामिल
जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में बन रहा कौशल्या धाम माँ कर्मा धाम के रूप में भी विख्यात होगा - डॉ नरेंद्र साहू

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बालोद जिले के श्री जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में निर्माणाधीन मां कौशल्या धाम में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित एक माह के धार्मिक एवं सामाजिक सम्मेलन के तहत 9 जून को छत्तीसगढ़ साहू समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में साहू समाज के प्रतिनिधि, समाज प्रमुख एवं श्रद्धालु शामिल हुए। बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भी सहभागिता रही।
गौरतलब है कि मां कौशल्या धाम में आगामी दिसंबर माह में मां कौशल्या, पंचमुखी हनुमान, भगवान शंकर सहित सनातन हिंदू धर्म के 108 देवी-देवताओं एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना की जानी है। इसी पावन धाम में आयोजित सम्मेलन में छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी थानेश्वर साहू, जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेंद्र साहू सहित डोंडी, खैरागढ़, कवर्धा, रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, धमधा, राजनांदगांव, बेमेतरा एवं अन्य जिलों से समाजिकजन पहुंचे।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री थानेश्वर साहू ने कहा कि सामाजिक समरसता को समर्पित इस प्रकार का धाम विश्व में विरले ही देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि मां कौशल्या धाम के निर्माण एवं साहू समाज की आराध्य देवी कर्मा माता की यहां स्थापना से छत्तीसगढ़ और साहू समाज को वैश्विक पहचान मिलेगी।
महायज्ञ में पूर्ण सहयोग
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने कहा कि मां कौशल्या धाम की महत्ता एवं उद्देश्य से पूरा साहू समाज प्रेरित है। उन्होंने कहा कि समाज संतराम बालक दास जी के इस महायज्ञ में पूर्ण सहयोग करेगा तथा धाम निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
सम्मेलन के दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा भी पाटेश्वर धाम पहुंचीं। उन्होंने धाम की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि संतराम बालक दास जी द्वारा किया जा रहा यह कार्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

कार्यक्रम के अंत में संतराम बालक दास जी ने प्रदेशभर से पहुंचे समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां कौशल्या धाम केवल किसी एक समाज का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज की आस्था का केंद्र बनने जा रहा है। जिस प्रकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण में पूरे देश ने सहभागिता निभाई, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ की बेटी एवं भगवान श्रीराम की माता राजरानी मां कौशल्या के धाम निर्माण में भी सभी समाजों को आगे आना चाहिए।
विशाल ज्योतिष सम्मेलन का होगा आयोजन
उन्होंने बताया कि आगामी 12 जून को पाटेश्वर धाम में जयपुर (राजस्थान) के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद् मनोज गुप्ता के सान्निध्य में विशाल ज्योतिष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों को ज्योतिषीय मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। वहीं 13 जून को छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय कलार-सिन्हा समाज का सम्मेलन भी आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी समाजजनों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











