नवापारा में कांग्रेस को बड़ा झटका: तीन बार की पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने दिया पार्टी से इस्तीफा, नवापारा की राजनीति में बढ़ी हलचल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा की वर्तमान नेता प्रतिपक्ष, तीन बार की निर्वाचित पार्षद और कांग्रेस की मजबूत महिला चेहरा संध्या राव के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है। संध्या राव के इस फैसले को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि वे नगर की उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने वर्षों तक संगठन और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम किया है।
संध्या राव ने कांग्रेस संगठन को अपना इस्तीफा सौंपते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की घोषणा की। उनके इस निर्णय के बाद नगर की राजनीति में चर्चाओं और कयासों का दौर शुरू हो गया है। जानकारों का मानना है कि यह इस्तीफा केवल एक नेता का पार्टी छोड़ना नहीं, बल्कि कांग्रेस के जनाधार पर सीधा प्रभाव डालने वाली घटना साबित हो सकता है।
कांग्रेस की सबसे मजबूत महिला नेताओं में रही हैं शामिल
संध्या राव का राजनीतिक सफर किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे लगातार तीन बार पार्षद निर्वाचित होकर जनता के विश्वास पर खरी उतरी हैं। इतना ही नहीं, पिछले चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता का परिचय दिया था। नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने सड़क, पानी, सफाई, बिजली, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाया। नगर के विभिन्न वार्डों में उनकी सक्रियता और जनसंपर्क ने उन्हें आम लोगों के बीच एक मजबूत और भरोसेमंद जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया।
नवापारा के लगभग हर वार्ड में मजबूत पकड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि संध्या राव की पकड़ केवल उनके वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर के अधिकांश वार्डों में उनका प्रभाव और समर्थक वर्ग मौजूद है। महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के बीच उनकी विशेष पहचान रही है। यदि भविष्य में संध्या राव कोई नया राजनीतिक फैसला लेती हैं तो उसका सीधा असर नगर की राजनीतिक तस्वीर पर पड़ सकता है। उनके समर्थकों की संख्या और जनस्वीकार्यता को देखते हुए कांग्रेस को आगामी चुनावों में इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
महिलाओं की पसंदीदा नेता, हर मुद्दे पर बुलंद रही आवाज
संध्या राव को नगर की महिलाओं के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल है। महिला सुरक्षा, स्व-सहायता समूह, सामाजिक समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर वे हमेशा मुखर रही हैं। चाहे नगर की मूलभूत सुविधाओं का मामला हो या किसी जरूरतमंद परिवार की समस्या, उन्होंने हर स्तर पर लोगों की आवाज बनने का प्रयास किया।
उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता लोगों को साथ लेकर चलना और सभी वर्गों के बीच संवाद बनाए रखना रही है। यही वजह है कि विरोधी दलों के लोग भी उनके व्यवहार और जनसंपर्क की सराहना करते रहे हैं।
कांग्रेस के लिए चिंता का विषय
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संध्या राव के इस्तीफे से कांग्रेस संगठन को संगठनात्मक और चुनावी दोनों स्तर पर नुकसान हो सकता है। नगर में उनकी सक्रियता और प्रभाव को देखते हुए पार्टी के लिए उनकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। हालांकि अभी तक उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई चर्चा नहीं है, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद नगर की राजनीति में नई संभावनाओं और समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।
आगे रणनीति पर टिकी हैं निगाहें
संध्या राव के इस्तीफे के बाद अब सभी की नजर उनके अगले निर्णय पर टिकी हुई है। क्या वे किसी अन्य राजनीतिक दल का दामन थामेंगी, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहेंगी या कोई नया राजनीतिक विकल्प चुनेंगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
फिलहाल इतना तय है कि तीन बार की लोकप्रिय पार्षद और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष के रूप में पहचान रखने वाली संध्या राव का कांग्रेस छोड़ना गोबरा-नवापारा की राजनीति की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक बन गया है, जिसकी चर्चा नगर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक हो रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राशन दुकानों में वितरण हो रहा खराब और कीड़ा लगा चावल, लोगों में आक्रोश











