तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की दर्दनाक मौत; कार के उड़े परखच्चे, वाहन से शराब की बोतलें बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक वाहन में बुरी तरह फंस गए। घटना दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 4.30 बजे सेंट्रल एवेन्यू सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल (गुंडिचा मंडप) के सामने की बताई जा रही है। टक्कर के तेज धमाके की आवाज सुनकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार का ड्राइवर साइड पूरी तरह पिचक जाने के कारण दोनों शवों को बाहर निकालने में पुलिस को करीब 1 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सेक्टर-6 निवासी दीपक कुमार गुप्ता (22 वर्ष) और कौशिक दास (16 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक दुर्ग की ओर से सेक्टर-6 की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











