नाबालिग युवती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप: किराए के मकान में युवक के साथ रह रही थी, युवक फरार
सिर और पेट पर मिले चोट के निशान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लुचकी पारा वार्ड नंबर-7 में किराए के मकान में एक नाबालिग लड़की युवक के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। शनिवार को मकान के अंदर लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद उसके साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मामला दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को शनिवार सुबह लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लुचकी पारा वार्ड नंबर-7 में किराए के मकान में एक नाबालिग लड़की का शव घर के अंदर मिला है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारम्भिक जांच में सामने आया की लड़की के गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर लगा हुआ था। उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। वहीं पेट पर भी गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नाबालिग की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके को जांच के दायरे में लिया है। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
युवक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद नाबालिग के साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नाबालिग लड़की वहां कब से रह रही थी और किन परिस्थितियों में युवक के साथ रह रही थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों यहां पति-पत्नी बनकर रह रहे थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











