लिफ्ट देना पड़ा भारी: अज्ञात व्यक्ति बाइक लेकर फरार, मामला दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राह चलते अज्ञात व्यक्ति को लिफ्ट देना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम झुलन पकरिया निवासी भरत लाल कैवर्त रोजी-मजदूरी का काम करता है। 20 अप्रैल 2026 को अपने सहकर्मी अशोक कुमार गोड के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम वेद परसदा गया था। लौटते समय मस्तूरी चौक के पास करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। मानवीयता दिखाते हुए भरत लाल ने उसे अपनी स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक सीजी 11 बीएच 4592) चलाने के लिए दे दी और स्वयं पीछे बैठ गया। शाम करीब 4 बजे ग्राम बूढ़ीखार स्थित एक होटल के पास वे पान-पाउच लेने के लिए रुके।
इस दौरान दोनों साथी दुकान की ओर चले गए, जबकि अज्ञात व्यक्ति बाइक के पास ही खड़ा रहा। महज कुछ ही मिनटों में जब भरत लाल और उसका साथी लौटे, तो देखा कि आरोपी बाइक लेकर बस्ती की ओर तेज रफ्तार से भाग रहा है। दोनों ने दूसरी मोटरसाइकिल से पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 21 अप्रैल को पीड़ित ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
लिफ्ट लेने के बहाने लूटपाट: चाकू दिखाकर फिल्मी अंदाज में धमकाया, बाइक और हजारों रुपए लूटे











