ब्रेकिंग: बंद कमरे में मिला एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव, इलाके में सनसनी, जांच में ये बात आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। जहां बंद कमरे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मकान में पति का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चों का शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंचे। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार टिकरापारा क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) स्थित किराए के मकान में रह रहे परिवार के घर का दरवाजा गुरुवार शाम से बंद था। शुक्रवार को भी पूरे दिन कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान घर के अंदर से दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद रात करीब 10 बजे टिकरापारा पुलिस को सूचना दी गई।
फंदे पर लटका मिला पिता, बिस्तर पर पड़े थे चार शव
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। कमरे में साजिद अली (50 वर्ष) का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19-20 वर्ष) तथा बेटियां शाहिदा और इरशाबा परवीन के शव कमरे में बिछे बिस्तर पर पड़े मिले। चारों के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है।
घटनास्थल से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है। घटना की गंभीरता देखते हुए एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान था परिवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों के कारोबार से जुड़ा था। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार लंबे समय से आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उन पर बैंक और अन्य कर्ज था, जिसकी वसूली के लिए रिकवरी एजेंट अक्सर घर पहुंचते थे। आर्थिक दबाव को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बातें भी सामने आई हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
आठ महीने पहले ही आए थे किराए के मकान में
पुलिस के मुताबिक परिवार करीब आठ महीने पहले संजय नगर स्थित मकान में किराए से रहने आया था। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था। दोनों बेटियां अक्सर पहली मंजिल पर रहने वाले दूसरे किराएदार के यहां आती-जाती थीं। गुरुवार रात के बाद उनके दिखाई नहीं देने से भी लोगों को संदेह हुआ।
पुलिस जांच में पता चला है कि साजिद अली मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। उसका भाई रायपुर के कुकरीपारा क्षेत्र में रहता है, जिसने मौके पर पहुंचकर पांचों शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, हर एंगल से जांच
घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर (मेकाहारा) अस्पताल भेजा गया है। एफएसएल की रिपोर्ट, विसरा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े











