हेडमास्टर की चाकू से हत्या: दो भाईयों ने रेत गला, आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर में लगाई आग, गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुबह स्कूल जा रहे हेडमास्टर की उनके दो चचेरे भाइयों ने चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामला बलरामपुर-रामानुजगंज जिले त्रिकुंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतक जयकरन जगते ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर थे। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे वे बाइक से स्कूल जा रहे थे। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे उनके रिश्तेदार बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने पहले चाकू से उनका गला रेता और फिर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पंचायत में नहीं सुलझा विवाद

बताया जा रहा है कि हत्या से एक दिन पहले रविवार को गांव में जमीन विवाद को लेकर बैठक हुई थी। आरोपियों का कहना था कि बंटवारे के बाद भी जयकरन जगते उन्हें जमीन की नाप-जोख और खेती नहीं करने दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

आरोपियों का घर फूंका, गांव में तनाव

हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।

दो आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना पर त्रिकुंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में जमीन विवाद ही हत्या का प्रमुख कारण सामने आया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार बाल अपचारी फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button