रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत: परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप, पेट्रोल डालकर बाइक समेत जिंदा जलाया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई की शाम उसका स्कूल का परिचित सोनू उसे शराब पार्टी का बहाना बनाकर सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान में ले गया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि शाकिब तथा उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

मामले की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल शाकिब को अस्पताल में भर्ती कराया। करीब सात दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।

पुरानी रंजिश का आरोप

मृतक की बहन शहरबान ने आरोप लगाया कि शाकिब और सोनू के बीच पहले वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। परिवार का दावा है कि इसी रंजिश के चलते शाकिब को बुलाकर उसकी हत्या की गई। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद एक युवक ने फोन कर बताया कि शाकिब जल गया है और कथित तौर पर अपनी गलती भी स्वीकार की।

घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ लोगों का दावा है कि शाकिब बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजन

शाकिब की मौत के बाद परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवक की संदिग्ध मौत, गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था युवक, सुबह मिली लाश; परिजनों ने प्रेमिका पर लगाया हत्या का आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button