युवक की संदिग्ध मौत, गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था युवक, सुबह मिली लाश; परिजनों ने प्रेमिका पर लगाया हत्या का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में युवक का शव मिलने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि मृतक के परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर अटल आवास निवासी शादाब मंगलवार को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा था। बुधवार सुबह उसका शव कमरे में बेड पर मिला, जबकि पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
गर्लफ्रेंड पर हत्या का आरोप
मृतक के भाई का आरोप है कि शादाब करीब छह महीने से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था। घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उनका यह भी दावा है कि घटना के बाद युवती पूरी रात होटल के कमरे में मौजूद रही और सुबह काफी देर बाद कमरे का दरवाजा खोला गया। उन्होंने होटल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराने की मांग की है।
मृतक के दोस्तों के अनुसार, शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था। घटना वाले दिन उसकी एक्स गर्लफ्रेंड का फोन आने के बाद वर्तमान गर्लफ्रेंड से विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या, बॉयफ्रेंड के रूम में मिला शव, बेहोश समझकर एंबुलेंस को बुलाया











