महिला को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर अनाचार; मुख्य आरोपी समेत चार सहयोगी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महिला को बहला-फुसलाकर जबरन कार में बैठाकर ले जाने और बाद में उसके साथ अनाचार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, पामगढ़ थाना में सूचना मिली थी कि एक महिला को अज्ञात व्यक्ति प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और महिला को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात आरोपी रमेश श्रीवास निवासी भैंसो और उसके साथियों ने उसे बहला-फुसलाकर जबरन कार में बैठाया था। महिला के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपी रमेश ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया और उसे कार से रायगढ़ की ओर ले गया।
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ पहुंचने के बाद आरोपी के साथी वहां से चले गए। इसके बाद मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास ने महिला के साथ अनाचार किया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास (40 वर्ष) निवासी ग्राम भैंसो, थाना पामगढ़ को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में घटना में सहयोग करने की बात सामने आने के बाद चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सिंह (36 वर्ष), प्रमोद श्रीवास (30 वर्ष), इंद्र कुमार धीवर (40 वर्ष), उमेश यादव उर्फ भोलू (23 वर्ष) शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











