मगरलोड में दर्दनाक हादसा: पति-पत्नी की मौत, भाई के निधन की सूचना पर ससुराल से घर लौट रहे दंपति, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मगरलोड इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बड़े भाई के निधन की खबर सुनकर घर लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर में पहले से बड़े भाई के निधन का मातम पसरा था, वहीं अब पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर पहुंचते ही पूरा गांव गम में डूब गया। घटना धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें बड़े भाई के निधन की सूचना मिली। दोनों तत्काल बाइक से अपने गांव धनोरा के लिए रवाना हुए। इस दौरान मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस घटनास्थल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कुछ घंटों में उजड़ गया परिवार
इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परिवार बड़े भाई के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही घंटों बाद प्रेमलाल और उनकी पत्नी की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। एक ही दिन में परिवार के तीन सदस्यों के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धनोरा सहित आसपास के गांवों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











