हादसे के बाद राहत कार्य में देरी, NHAI ने एजेंसी पर ठोका 10 लाख का जुर्माना
दो ट्रक-ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद बाधित रहा मार्ग
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सड़क दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में देरी को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने संबंधित एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड में 12 अक्टूबर को तड़के करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों की भिड़ंत हुई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
क्रेन और रिकवरी व्यवस्था में मिली खामियां
NHAI की जांच में सामने आया कि दुर्घटना के दौरान संबंधित एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर मौजूद नहीं था। इसके अलावा, क्रेन ऑपरेटर की अनुपलब्धता और रिकवरी उपकरणों के लिए पर्याप्त ईंधन नहीं होने के कारण राहत कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका।
हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी से मार्ग बाधित रहा, जिससे दुर्घटना प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठे। जांच में यह भी सामने आया कि आपातकालीन सहायता के लिए 1033 हेल्पलाइन पर बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी।
निर्धारित मानकों के उल्लंघन पर NHAI की कार्रवाई
NHAI ने इन खामियों को घटना प्रबंधन और हाईवे पेट्रोलिंग के निर्धारित मानकों का उल्लंघन माना है। इसी आधार पर संबंधित एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है।
इस कार्रवाई के जरिए दुर्घटना के बाद त्वरित सहायता, वाहनों को जल्द हटाने और हाईवे पर यातायात सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को जवाबदेह बनाने का संदेश दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ट्रेलर से डीजल चोरी की कोशिश: ट्रेलर चालक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, वाहन छोड़कर भागे बदमाश











