फिंगेश्वर ब्रेकिंग: नदी में नहाने गए 10 साल के बच्चे की डूबने से मौत, त्योहार में पसरा मातम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– फिंगेश्वर से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां नदी में डूबने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का शव लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में सुखा नदी में नहाने गए 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चे की पहचान साहिल सोनकर के रूप में हुई है, जो फिंगेश्वर नगर पंचायत का निवासी है। बताया जा रहा है कि साहिल अपने दोस्तों के साथ रोजाना की तरह सुबह लगभग 5 बजे कार्तिक स्नान के लिए नदी गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी।
खुशियों की जगह पसरा मातम
जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद बच्चे को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन इस तरह की घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में दीपावली के पर्व की खुशियों की जगह मातम पसर गया है।
फिंगेश्वर थाना एएसआई सी. एस. देशमुख ने बताया कि नदी में बच्चे की डूबने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को पानी से निकाल कर अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/GKvBlfXqlpKC4RRB4msclj?mode=ems_copy_t