प्रेमी से कराई पति की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार, हत्या के बाद पत्नी बोली – मुझे लाश दिखाओ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- रायपुर के खारुन नदी में मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक विधाता यादव ऑटो चालक था। उसकी पत्नी मीना यादव का ऑटो मालिक अमजद खान से अवैध संबंध थे। इसलिए दोनों ने विधाता को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।

बता दें कि 10 जून को खारुन नदी केसरी बगीचा भाठागांव में अज्ञात युवक का शव तैरते मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की कोशिश की। मृतक के फोटो के साथ आम सूचना जारी की लेकिन शिनाख्त नहीं हुई। 12 जून को मीना यादव अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शव की पहचान की। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में भारी चीज से वार करने पर मौत की पुष्टि हुई थी।

कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा

जिसके बाद पुलिस ने मर्डर का रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मृतक विधाता का कॉल डिटेल निकाला गया। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गए। जांच में यह भी पता चला कि मृतक की पत्नी मीना यादव मौदहापारा में रहने वाले ऑटो मालिक अमजद खान से रोजाना कई बार बात करती है। पुलिस को शक हुआ। अमजद के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया गया। पता चला घटना वाली रात वह नदी के आस-पास गया था। उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सारे राज उगल दिये। 

विधाता को हो गई थी अवैध संबंध की जानकारी

अमजद खान ने पुलिस को बताया कि विधाता यादव उसका ऑटो चलाता था। करीब डेढ़ साल पहले विधाता की पत्नी मीना से बीतचीत शुरू हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। चार-पांच महीने पहले अमजद ने अपने नाम से एक सिम और मोबाइल खरीदकर मीना को दिया। जिसमें दोनों बात करते थे। इसकी जानकारी विधाता को हो गई थी। वह मीना से झगड़ा करने लगा। मीना अपने प्रेमी अमजद के साथ जीवन बिताना चाहती थी। इसलिए दोनों ने मिलकर विधाता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

 

शराब पार्टी के बहाने हत्या की योजना

आरोपी ने बताया कि विधाता उससे गाली-गलौज करता था। इसलिए अमजद उससे नाराज था। मीना का साथ मिलने पर उसने अपने दोस्त अन्नू प्रजापति को भी इसमें शामिल कर लिया। अन्नू भी अमजद की ऑटो चलाता है। 9 जून की रात शराब पार्टी करने के बहाने उसने अपने गैरेज में विधाता को बुलाया। थोड़ी देर बाद अन्नू आया। तीनों अन्नू की ऑटो से पुलिस लाइन के पास शराब दुकान पहुंचे। फिर शराब लेकर खुड़मुड़ा घाट पुल के ऊपर भाटागांव चले गए। तीनों ने शराब पी। रात करीब 9.30 बजे अमजद ने ऑटो में रखे लोहे की पटिया से विधाता के सिर पर जोरदार वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद विधाता के शव को पुल से नीचे पानी में फेंक दिया। इसके बाद अमजद मीना के घर पहुंचा और विधाता की हत्या कर जानकारी दी। मीना उसका शव दिखाने जिद करने लगी। 10 जून को अमजद उसे मोपेड से खुडमुड़ा घाट ले गया। खारुन नदी में लाश तैर रही थी। विधाता के शव को देखकर ही मीना को भरोसा हुआ कि काम तमाम हो गया है। बहरहाल पुलिस ने विधाता के हत्या के मुख्य आरोपी अमजद, मीना और हत्या में शामिल तीसरे आरोपी को पकड़ लिया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FzPuwVGamn3JPUWBsjsyuH

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, अवैध संबंध की भनक लगाने पर रची खौफनाक साजिश, ऐसे हुआ मामले का खुलासा

Related Articles

Back to top button