रसेला में द्वितीय ब्लॉक स्तरीय आयुष शिविर का हुआ सफल आयोजन, 649 लोग हुए लाभान्वित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छुरा ब्लाक के ग्राम रसेला में द्वितीय ब्लॉक स्तरीय आयुष शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को आयुष पद्धतियों के माध्यम से सुलभ, सुरक्षित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच रूपा ठाकुर एवं अजय दीक्षित रहे। अतिथियों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण जनता के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

शिविर में डॉ. ऐश्वर्य साहू द्वारा आयुर्वेद पद्धति की महत्ता, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं रोग-निवारण में आयुर्वेद की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया। चिकित्सकीय सेवाएँ डॉ. विनोद ठाकुर, डॉ. मिथलेश ठाकुर, डॉ. रूपसिंह मरावी, डॉ. तरुण पटेल तथा डॉ. राहुल नेताम (चिकित्सा अधिकारी, PHC) द्वारा प्रदान की गई।

शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया। शिविर को सफल बनाने में फार्मासिस्ट श्यामा दीवान, रूपसिंह नेताम, देवदास सोनवानी, धनेश, संतोष, भोला, जितेन्द्र एवं मानसराम का सराहनीय योगदान रहा।

मिले आँकड़ों के अनुसार शिविर में कुल 531 आयुष एवं 118 होम्योपैथी के मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिससे ग्रामीणों को काफी लाभ मिला। साथ ही कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार द्वारा आयोजित यज्ञ में भी अतिथियों एवं चिकित्सकों की उपस्थिति रही, जिससे आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा समस्त चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्रामीणों ने ऐसे जनहितकारी आयुष शिविरों को भविष्य में भी आयोजित करने की माँग की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद में टाइप-1 डायबिटीज पीड़ित बच्चों के लिए सहायता समूह बैठक, 17 दिसंबर को जिला चिकित्सालय में होगा आयोजन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button