बोरसी में भूपेश बघेल का साय सरकार पर हमला, किसानों से लेकर सिलेंडर तक मुद्दों पर साय सरकार को घेरा, बोले– किसान को चोर बना दिया
सिलेंडर पर बोले - जनता लाइन में खड़ी है, कोई कांग्रेसी नहीं

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम क्षेत्र के ग्राम बोरसी में आयोजित भेट-मुलाकात कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान वे पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पा जगन्नाथ साहू के निवास भी पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका गाजे-बाजे और आतिशबाजी से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों से हजारों की संख्या में लोग पूर्व मुख्यमंत्री को देखने और उनसे मिलने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने उपस्थित लोगों को एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए मंचीय कार्यक्रम में राज्य की साय सरकार पर जमकर निशाना साधा और कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के धान की खरीदी बेहतर व्यवस्था के साथ की जाती थी। वहीं वर्तमान सरकार में आज किसानों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को चोर की तरह देखा जा रहा है और घर-घर जाकर धान की जांच की जा रही है।
बिजली बिल नहीं बढ़ाया

बघेल ने बिजली बिल के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बिजली बिल नहीं बढ़ाया गया था, जबकि अब लोगों को पूरा और बढ़ा हुआ बिजली बिल भरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्योहारों पर अवकाश घोषित किया था, जिससे छत्तीसगढ़ के लोगों की सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान होता था।
नशे में डुबोने की साजिश
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार छत्तीसगढ़ के लोगों का अपमान कर रही है, स्कूलों को बंद किया जा रहा है और समाज में आपसी झगड़े पैदा करने की कोशिश हो रही है। फिंगेश्वर में पूर्व से चल रहे कालेज को हटाने की कोशिश की जा रही है, सरकार चाहे हो दो जगहों पर कालेज खोल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश भर के लोगों को अफीम के नशे में डुबोने की साजिश की जा रही है। जबकि यहाँ छत्तीसगढ़ के लोग अफीम को जानते तक नहीं थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और नशे की समस्या को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। महंगाई के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और किसान-मजदूर से लेकर छोटे व्यापारी तक सभी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हो गई है और जनता की समस्याओं पर सरकार गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। बघेल ने कहा कि यदि निष्पक्ष चुनाव होंगे तो भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चुनाव आयोग के साथ मिलकर कोई षड्यंत्र किया गया तो अलग बात है, अन्यथा भाजपा को जीत हासिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा को असम, वेस्ट बंगाल, केरला, तमिलनाडु और पांडुचेरी में कहीं भी जीत नहीं मिलने वाली है।
मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बयान कि कांग्रेस और विपक्षी नेता बेवजह भ्रम फैलाकर रहे हैं, जबकि कोई किल्लत नहीं है, पर पलटवार करते हुए कहा कि कोई कांग्रेसी लाइन में नहीं खड़ा है जनता लाइन में लगी है। इसके लिए विधानसभा में स्थगन भी लाया गया था। कितने सिलेंडरों की जरूरत है और कितने उपलब्ध है इसकी संख्या मुख्यमंत्री बता दे।
नई ऊर्जा का संचार हुआ है

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुष्पा जगन्नाथ साहू के घर पहुंचे, वहाँ पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पा साहू और उनके परिवार ने समृति चिन्ह देकर धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पा साहू ने कहा कि आज बहुत दिनों बाद क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन हुआ है, इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि लोग फिर से भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











