नवापारा ब्रेकिंग : झंडा लगाते समय बड़ा हादसा, एक युवक की मौत, एक घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि बिजली पोल में झंडा बांधते समय बड़ा हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है। उसके कमर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट लगी है। घटना के बाद मंगलवार की सुबह मृतक के परिजन एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने गोबरा नवापारा थाना पहुंचकर हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किया गया। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार नवापारा में हनुमान जयंती की तैयारी जोरों पर की जा रही है। शहर को भगवा पताकाओं और झंडों से सजाया जा रहा है। बीती सोमवार की रात शहर के दम्मानी पेट्रोल पंप के पास कुछ युवक स्काई लिफ्ट मशीन पर चढ़कर झंडा तोरण लगा रहे थे। इसी दौरान स्काई लिफ्ट मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में नितुल देवांगन (22 वर्ष) और सागर सोनी (20 वर्ष) करीब 25 फीट ऊंचाई से सड़क पर गिर गए और दोनों घायल हो गए।
वहीं एक युवक युवक ने खंभे को पकड़ लिया और लटका रहा। इसके चलते वह बाल-बाल बचा। अन्य लोगों की मदद से उसे खंभे से नीचे उतारा गया। ऊंचाई से गिरने से घायल हुए दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां नितुल देवांगन की मौत हो गई। वहीं घायल सागर सोनी नवापारा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके कमर पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद शहर में शोक की लहर दौड़ गई। नगरवासियों ने मृतक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सत्ता पक्ष के दबाव में मामला दबाने का आरोप
घटना से क्षुब्ध मृतक के परिजन और कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार की सुबह थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजन और कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि रात में इतनी बड़ी घटना हो गई, घर का इकलौता चिराग चला गया। जिसकी जानकारी न परिजनों को दी और न ही पुलिस को दी गई। घटना के पश्चात परिजनों को बिना सूचना दिए घायल को रात में ही रायपुर भेज दिया गया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
थाने के बाहर धरने पे बैठे परिजन एवं सामाजिकजन
कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन, सामाजिकजन और कांग्रेस के कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही नगर पालिका के कर्मचारियों से पूछताछ की जाए और स्काई लिफ्ट की अनुमति देने वाले व्यक्ति पर भी कार्रवाई की जाए। इस दौरान नितुल के सहपाठी महाविद्यालय के छात्र और छात्राएं बड़ी संख्या में थाने पहुंचे थे।
क्या है परिजनों की मांग
परिजनों ने कहा कि नगर पालिका की स्काई लिफ्ट किसकी अनुमति से लाया गया, लेन वाले कौन है यह जांच का विषय है। उन्होंने मांग की है कि स्काई लिफ्ट लाने वाले व्यक्ति और ड्राइवर सहित दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। करीब 4 घंटे तक विरोध करने के बाद बढ़ती भीड़ और लोगों का बढ़ता आक्रोश देख पुलिस प्रशासन ने स्काई लिफ्ट के चालक एवं अन्य के खिलाफ FIR दर्ज किया गया।
घर का इकलौता चिराग था
मृतक के पिता मोहन देवांगन ने रुंधे गले से बताया कि नितुल हमारे घर का इकलौता चिराग था जो हमें छोड़कर चला गया। नितुल बीए अंतिम वर्ष में अध्ययनरत था चूंकि परिवार की आर्थिक स्थिति उतनी अच्छी नहीं है। इसलिए वह अपनी पढ़ाई का खर्चा स्वयं वहन करता था।
नगर पालिका के सामने पुनः प्रदर्शन
मृतक नितुल को रायपुर के मेकाहारा में भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर चार बजे मुक्तिवाहन से शव नवापारा लाया गया। आक्रोशित लोगों ने शव को नगर पालिका गेट के पास रखकर पुनः प्रदर्शन किया जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। पुलिस बल ने लोगों को समझा कर शव को पुलिस प्रोटेक्शन में घर पहुंचाया। जिसके बाद मृतक का स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
वाहन चालक एवं अन्य के खिलाफ FIR दर्ज
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ऐसैय्या ने बताया कि मामले में आरोपी वाहन चालक एवं अन्य के खिलाफ 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लाइव वीडियो
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p