अभनपुर में भीषण सड़क हादसा: बस की चपेट में आए बाइक सवार दंपति, पति की मौत; पत्नी गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार रानीतराई थाना क्षेत्र के आर जामगांव के निवासी रोशन लाल चंद्राकर अपनी पत्नी राजेश्वरी चंद्राकर के साथ मंगलवार को अभनपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजलक्ष्मी ढाबा के पास चालक अचानक पेट्रोल पंप की ओर मुड़ गया। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार बस के नीचे आ गए। हादसे में बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में राजेश्वरी चंद्राकर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
नवापारा कॉलेज में शिक्षिका है महिला
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बाइक क्रमांक सीजी 04 एलएम 6508 और बस क्रमांक सीजी 23 ई 0145 को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि घायल महिला नवापारा के सेठ फूलचंद कॉलेज में शिक्षिका है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











