युवक का शव मिलने से सनसनी, शरीर पर चोट के निशान; तीन संदेहियों से पूछताछ कर रही पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाईवे किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके सीने, पीठ और कंधे पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट की मदद भी ली गई है। मामले में पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामला रायगढ़ जुटमिल थाना क्षेत्र का है।
सड़क किनारे मिला शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के समीप सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर जूटमिल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
लूटपाट के इरादे से हमले की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ लूटपाट के इरादे से मारपीट की गई होगी। उसके सीने और पीठ पर धारदार वस्तु से वार किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मौत की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है।
बैग में मिले कपड़े, पहचान की कोशिश जारी
पुलिस के अनुसार, मृतक ने भूरे रंग की लाइनदार शर्ट पहन रखी थी। शव से कुछ दूरी पर एक बैग भी मिला, जिसमें चादर और अन्य कपड़े रखे हुए थे। इन सामानों के आधार पर पुलिस युवक की पहचान और उसके संभावित निवास स्थान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने उसकी तस्वीर आसपास के जिलों के थानों में भेजी है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंच सके।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मृतक की पहचान, मौत की वजह और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
फिंगेश्वर ब्रेकिंगः सड़क किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, खेत में पड़ी थी बाइक; इस बात की आशंका











