फिंगेश्वर ब्रेकिंगः सड़क किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, खेत में पड़ी थी बाइक; इस बात की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– फिंगेश्वर इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव झाड़ियों में फंसा था। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घटनास्थल से करीब 10 फीट नीचे खेत में युवक की बाइक भी पड़ी मिली। मामला गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सोनासिल्ली निवासी तेजराम पटेल (33 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तेजराम पटेल रात में ड्यूटी करने के लिए घर से निकला था। इसके बाद सुबह सोनासिल्ली-लचकेरा मार्ग पर खपरी नाला के पास सड़क किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला। युवक का शव झाड़ियों में फंसा हुआ था, जबकि उसकी बाइक सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में पड़ी मिली।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे राहगीर ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की आशंका, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, रात के समय क्षेत्र में काफी शीतलहर थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रात के दौरान युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी होगी।
हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











