महानवमी पर मातम: डूबने से 14 वर्षीय बालक की मौत, गुब्बारे बेचने आया था परिवार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शारदीय नवरात्र की महानवमी पर जहां श्रद्धालु आस्था और भक्ति में लीन थे, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मंदिर के सामने स्थित घाट में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। त्योहार के बीच हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना बलरामपुर के रामानुजगंज क्षेत्र का है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया बालक
जानकारी के अनुसार, झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र के बंदूवा से कुछ लोग अपने बच्चों के साथ रोजी-रोटी के लिए रामानुजगंज में गुब्बारे बेचने आए थे। सोमवार को महानवमी के अवसर पर दोपहर तक बच्चे गुब्बारे बेच रहे थे। इसके बाद तीन बच्चे नहाने के लिए मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट पहुंच गए। इसी दौरान इरशाद आलम पिता इस्ताक अंसारी (14), नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
इरशाद को पानी में डूबता देख उसके साथ मौजूद दो अन्य बच्चों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बालक की तलाश शुरू की गई और स्थानीय लोगों से मदद मांगी गई।
ढाई घंटे की तलाश के बाद मिला शव
हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग बालक की तलाश में जुट गए। काफी देर तक पानी में खोजबीन की गई। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को भी दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग बालक को तलाशने में जुटे हुए थे।
लगातार प्रयासों के बाद दोपहर करीब 3.20 बजे इरशाद का शव पानी से बाहर निकाला गया। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बच्चे के साथ परिवार रोजी-रोटी की उम्मीद लेकर दूसरे प्रदेश से आया था, उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
नवरात्र के अंतिम दिन मां महामाया मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक ओर महानवमी पर पूजा-अर्चना और उत्सव का माहौल था, तो दूसरी ओर एक परिवार अपने मासूम बेटे को खोने के गम में डूब गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
जगराते के लिए सड़क पर बांधी रस्सी बनी मौत का फंदा, बुलेट सवार युवक की मौत; CCTV फुटेज भी आया सामने











