सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का हुआ अन्नप्राशन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानीन दीदी का सम्मान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-7, शिक्षक नगर गरियाबंद में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड की महिलाओं, बच्चों एवं आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गरियाबंद मिलेश्वरी साहू उपस्थित रहीं। उनके साथ प्रकाश यादव एवं प्रियंका सोनी भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी कार्यकर्ता दीदी, सहायिका दीदी एवं वार्ड की मितानी दीदी के सम्मान के साथ हुई। अतिथियों ने उनके द्वारा बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान वार्ड की उपस्थित गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पारंपरिक तरीके से कराई गई। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस अवसर पर बच्चों ने गीत एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए उनके हाथ धुलाए गए और इसके बाद न्योता भोज कराया गया। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन किया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं उनके समुचित विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।

सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने उपस्थित महिलाओं एवं वार्डवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित योजनाओं, पोषण, स्वास्थ्य, मातृत्व लाभ एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र हितग्राहियों को आगे आने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई।

आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मिलेश्वरी साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा देने का स्थान नहीं हैं, बल्कि यह महिलाओं और परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती माताओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आंगन मिलन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को एक साथ जोड़कर जागरूकता बढ़ाने का कार्य होता है, जो समाज के लिए उपयोगी पहल है।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानी दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार घर-घर तक पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों को आवश्यक सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम में साधना मिश्रा, ललिता द्विवेदी, मीना साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चित्ररेखा लोतरे, प्रियंका, सरिता सेन, नूतन शंगानी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सेवा संकल्प अभियान के तहत गरियाबंद के वार्ड 14-15 में ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों का हुआ सम्मान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button