राजिम मेले में कवरेज बन जाती है चुनौती, रोक-टोक से पत्रकार होते है परेशान, प्रशासन से पत्रकारों ने की ये मांग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कुंभ कल्प मेला के दौरान मंचीय कार्यक्रमों एवं प्रमुख अतिथियों के आगमन के समय स्थानीय पत्रकारों और फोटोग्राफरों को हर वर्ष गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समाचार कव्हरेज के लिए निर्धारित समय पर मंच तक पहुंचना पत्रकारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाता है, क्योंकि पुलिस द्वारा उन्हें जगह-जगह रोक दिया जाता है।
पत्रकारों का कहना है कि वैध पहचान पत्र और प्रेस आईडी होने के बावजूद कई बार बैरिकेटिंग पॉइंट पर अनावश्यक रूप से रोक दिया जाता है। इसका नतीजा यह होता है कि मंचीय कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं, अतिथि मंच पर पहुंच जाते हैं और मीडिया प्रतिनिधि समय पर कव्हरेज नहीं कर पाते। इससे न केवल पत्रकारों के कार्य में बाधा आती है, बल्कि कार्यक्रमों की निष्पक्ष और समय पर जानकारी भी जनता तक नहीं पहुंच पाती।
स्थानीय मीडियाकर्मियों ने सवाल उठाया है कि जब प्रशासन द्वारा आमंत्रण, प्रेस सूची और कव्हरेज की आवश्यकता पहले से तय होती है, तो फिर मौके पर पुलिस द्वारा असमंजसपूर्ण रोक-टोक क्यों की जाती है। कई बार ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पत्रकारों के प्रवेश संबंधी स्पष्ट निर्देश न होने के कारण विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
पत्रकारों के लिए विशेष पास व्यवस्था की उठी मांग
श्रमजीवी पत्रकार संघ के गरियाबंद जिला अध्यक्ष श्यामकिशोर शर्मा, महासचिव रमेश चौधरी, प्रेस क्लब राजिम के अध्यक्ष नीरज शर्मा व स्थानीय मीडियाकर्मियों ने मांग की है कि जिला पुलिस प्रशासन कुंभ कल्प मेला अवधि के दौरान पत्रकारों के लिए स्पष्ट प्रवेश व्यवस्था, निर्धारित मार्ग और पास सिस्टम लागू करे, ताकि कव्हरेज सुचारू रूप से हो सके।
साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को मीडिया से समन्वय रखने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। अब देखने वाली बात यह होगी कि राजिम कुंभ कल्प जैसे बड़े आयोजन में जिला पुलिस प्रशासन पत्रकारों की समस्याओं को लेकर क्या ठोस निर्णय लेता है, ताकि मीडिया बिना किसी बाधा के अपना दायित्व निभा सके और पुलिस द्वारा बेवजह रोके जाने की स्थिति से बचा जा सके।
कव्हरेज में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो
राजिम कुंभ कल्प मेला के दौरान मंचीय कार्यक्रमों एवं अतिथियों के कव्हरेज के लिए जाने वाले पत्रकारों और फोटोग्राफरों को विशेष रंग के पास उपलब्ध कराए जाने की मांग उठी है। पत्रकारों का कहना है कि यदि अलग पहचान वाले पास की व्यवस्था हो और उच्च अधिकारियों द्वारा पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, तो मीडिया कर्मियों को अनावश्यक रूप से रोके जाने की समस्या से बचा जा सकता है। साथ ही मांग की गई है कि पत्रकारों के दोपहिया वाहनों को मंचीय स्थल तक जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कव्हरेज कर सकें। इससे न केवल पत्रकारों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कार्यक्रमों की सूचना भी समय पर आम जनता तक पहुंच सकेगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस दिशा में क्या ठोस व्यवस्था करता है, जिससे राजिम कुंभ कल्प मेला के दौरान पत्रकारों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जिला पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात बल को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वैध प्रेस पासधारी पत्रकारों को न रोका जाए। साथ ही पत्रकारों के दोपहिया वाहनों को मंचीय स्थल तक जाने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि कव्हरेज में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन पत्रकारों की इस जायज मांग पर क्या निर्णय लेता है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह आयोजन की तारीख बदली, अब इस तारीख तक कर सकते है आवेदन











