लद्दाख सीमा पर ड्यूटी के दौरान धमतरी का बेटा शहीद: राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) धमतरी:- जिले के ग्राम खरेंगा निवासी सेना के जवान मनीष नेताम लेह लद्दाख सीमा पर ड्यूटी के दौरान बलिदान हो गए। घटना की जानकारी स्वजन को मिलते ही गांव में शोक की लहर छा गई है। 30 दिसम्बर को उनका शव धमतरी लाया जाएगा। वहीं घर आने के बाद गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें जवान मराठा रेजिमेंट में पदस्थ होकर ड्यूटी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक धमतरी जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खरेंगा के रहने वाला मनीष नेताम पुत्र राजेन्द्र नेताम 24 वर्ष पिछले तीन सालों से सेना में भर्ती होकर देश सेवा कर रहे हैं। वर्तमान में वह देश के लेह-लद्दाख सीमा पर ड्यूटी कर रहे थे। 28 दिसंबर की सुबह लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक सांस में तकलीफ हुआ। अन्य जवानों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान मनीष नेताम के बलिदान होने की जानकारी सेना के माध्यम से घर में दी गई। इस खबर के मिलते ही गांव में शोक की लहर छा गई है। गांव के सुभाष साहू और हिरेन्द्र साहू ने बताया कि बलिदान का शव 30 दिसंबर को गांव में पहुंच जाएगा, इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इधर शहीद के माता-पिता को अपने इकलौते बेटे के शव आने का इंतजार है।
शहीद मनीष इकलौता पुत्र था
शहीद मनीष नेताम इकलौता बेटा था। उनके पिता राजेन्द्र नेताम मजदूर है और मां आंगनबाड़ी में सहायिका है। उनके एक बहन खिलेश्वरी है, जिनकी शादी हो चुकी है। उनके पति भी सेना में है, जो देश सेवा कर रहे हैं। मनीष नेताम की पढ़ाई-लिखाई गांव के स्कूल में हुई है। वह बचपन से ही मेधावी रहा है और गरीबी के बीच कठिन मेहनत करके सेना ज्वाइन किया था।

Related Articles

Back to top button