नवापारा में नलों से आ रहा गंदा पानी: कांग्रेस पार्षदों के निरीक्षण में सामने आई ये बड़ी गड़बड़ी, नगरपालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

फिल्टर प्लांट में खत्म हुई फिटकरी-ब्लीचिंग, बिना शुद्धिकरण के घरों तक पहुंच रहा गंदा पानी, बिना ट्रीटमेंट सप्लाई हो रहा पेयजल!

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बारिश के मौसम में नवापारा के नगरवासियों को दूषित और मटमैले पेयजल की आपूर्ति का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विपक्ष के कांग्रेस पार्षदों ने सोमवार को नगर के जल शुद्धिकरण केंद्र (वाटर फिल्टर प्लांट) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई, उसे लेकर पार्षदों ने नगरपालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने दावा किया कि फिल्टर प्लांट में पानी शुद्ध करने के लिए उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। स्टॉक रूम खाली मिला, जबकि रोजनामचा एवं स्टॉक रजिस्टर के अवलोकन में यह भी सामने आया कि 13 जुलाई 2026 के बाद से किसी भी सामग्री की स्टॉक एंट्री दर्ज नहीं की गई है।

जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि ऐसे हालात में बिना आवश्यक केमिकल ट्रीटमेंट के ही मटमैले और दूषित पानी की सप्लाई सीधे नगरवासियों के घरों तक की जा रही है, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

निरीक्षण में पार्षद अजय साहू, रामरतन निषाद, दीपाली राजपूत, अर्जुन साहू, तरुण कंसारी, हेमंत सहानी, टिकेश्वर गिलहरे एवं फागुराम देवांगन मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से कहा कि गर्मी के दिनों में अपेक्षाकृत साफ पानी होने के बावजूद प्रतिदिन करीब 20 बट्टी फिटकरी का उपयोग किया जाता था, लेकिन बारिश के मौसम में जब महानदी और अन्य जल स्रोतों का पानी अधिक मटमैला हो गया है, तब शुद्धिकरण सामग्री का उपयोग नहीं होना या बेहद कम होना चिंताजनक है।

कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) की उदासीनता के कारण नगरवासियों को बिना शुद्ध किया गया पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वर्षा ऋतु में डायरिया, पीलिया, टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों का खतरा सबसे अधिक रहता है और ऐसी स्थिति में लापरवाही किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या को जन्म दे सकती है।

विपक्षी पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही फिल्टर प्लांट में आवश्यक रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो जनता के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पहली ही बारिश में खुली नगर पालिका की पोल, जलभराव और गंदगी से शहर बेहाल; घरों में घुसा गंदा पानी; कांग्रेस ने उठाए सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button