पहली ही बारिश में खुली नगर पालिका की पोल, जलभराव और गंदगी से शहर बेहाल; घरों में घुसा गंदा पानी; कांग्रेस ने उठाए सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मानसून की पहली ही तेज बारिश ने नवापारा नगर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई वार्डों में जलभराव, जाम नालियां, सड़कों पर फैली गंदगी और घरों में घुसे बारिश के पानी से आमजन का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं रायपुर रोड स्थित गुलाब गार्डन की बाउंड्री वॉल पहली ही बारिश में भरभराकर गिर गई, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षा पूर्व नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण पहली ही बारिश में शहर जलमग्न हो गया। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक-2 के खोलीपारा में आत्माराम निषाद सहित कई परिवारों के घरों में पानी घुस गया। नगर का बस स्टैंड करीब डेढ़ फीट पानी में डूब गया, जबकि गंज रोड, महावीर चौक से परमार टेलर मार्ग, किसानपारा, शीतलापारा, दम्मानी कॉलोनी, बढ़ईपारा, रेलवे स्टेशन पारा, साहनीपारा, सतनामी पारा और बगदेहीपारा सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है। बगदेहीपारा के शांति चौक और कांदाडबरी क्षेत्र के साथ मंदिर परिसर तक में पानी भर गया।
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि यदि पहली ही बारिश में नगर की यह स्थिति है तो पूरे वर्षाकाल में जनता को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने तत्काल जाम नालियों की सफाई, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
निर्माण कार्यों से बनी समस्या
इधर, नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू ने कहा कि रेलवे स्टेशन पारा एवं आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की मुख्य वजह निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा किए जा रहे सड़क और नाली निर्माण कार्य हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के समन्वय से जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान किया जाएगा।
बारिश से लबालब हुआ त्रिवेणी संगम
लगातार बारिश से राजिम का त्रिवेणी संगम पानी से घिर गया है। पैरी, सोंढूर और महानदी के जलस्तर लगातार बढ़ने से संगम लबालब हो गया है। संगम के मध्य स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर का परिसर चारों ओर से पानी से घिर गया है, जिससे यहां का दृश्य अत्यंत मनोहारी और रोमांचक नजर आ रहा है। बढ़ते जलस्तर बीच स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर का विहंगम दृश्य लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: राहत की बारिश बनी आफत, पुलिया बहते ही आवागमन प्रभावित, दर्जनों गांवों से संपर्क टूटा











