नवापारा के 108 वर्ष पुरानी गोपाल गौशाला में पारंपरिक रस्मों के बीच गूंजे गौ माता के जयकारे, गोपाष्टमी उत्सव पर 450 गौवंश की हुई पूजा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर की 108 वर्ष प्राचीन गोपाल गौशाला में मंगलवार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला में मौजूद लगभग 450 गौवंश की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें खिचड़ी खिलाई गई। धार्मिक अनुष्ठान, पारंपरिक राउत दोहा और गौ माता की सेवा के बीच आयोजित इस उत्सव में हजारों की संख्या में गौ भक्त शामिल हुए।
गौशाला समिति के सचिव राजू काबरा एवं उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गोपाष्टमी का आयोजन विशेष धार्मिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गौशाला परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडित देवेंद्र दुबे ने हनुमान जी को चोला एवं नवीन वस्त्र अर्पित किए तथा विधिवत सत्यनारायण भगवान की कथा सुनाई। इस धार्मिक अनुष्ठान में यजमान के रूप में गौशाला समिति के सहसचिव एवं गौ सम्मान अभियान के प्रभारी रूपेंद्र चंद्राकर अपनी धर्मपत्नी लीना चंद्राकर के साथ शामिल हुए।
सुख-समृद्धि की कामना

धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यादव समाज के सदस्यों ने पारंपरिक रीति से घटोरिया की पूजा कर गौशाला में राउत दोहा लगाते हुए गौ माता एवं देवी-देवताओं की आराधना की। इस दौरान गायों को सोहाई बांधकर पारंपरिक उत्सव मनाया गया तथा उन्हें खिचड़ी खिलाई गई। आयोजन में श्रद्धालुओं ने गौ माता की सेवा और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
गोपाष्टमी पर्व को लेकर पूरे गौशाला परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। परिसर की गोबर से लिपाई कर आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा झालर और लाइटों से सजावट की गई। वहीं, गौ माता के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में शामिल गौ भक्तों के लिए सुबह हलवा, पोहा एवं चाय की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही दोपहर में सामूहिक भोजन का भी आयोजन किया गया।
गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग
कार्यक्रम के दौरान गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के अभियान को लेकर भी विचार रखे गए। समिति के सचिव राजू काबरा, उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे एवं रूपेंद्र चंद्राकर ने उपस्थित गौ भक्तों को संबोधित करते हुए गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने आगामी 17 दिसंबर को रायपुर में आयोजित होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस मांग को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गौशाला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष माखीजा, कोषाध्यक्ष सुरेश काबरा, मेघनाथ साहू, नंदकिशोर राठी, धरम, रविशंकर साहू, ललित गंडेचा, गोविंद राजपाल, अन्नौरण देवांगन, साधना सौरज, कविता इसरानी, सुंदर सिंह ठाकुर, दीपक पोद्दार, प्रतीक, प्रणय अग्रवाल, तेजा गदिया, प्रताप छाबड़ा, संगीता गोयल, सचिन गोयल, ओम सारडा, आरती किरण काबरा सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में गौशाला समिति ने गोपाष्टमी पर्व के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं एवं गौ भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम गौशाला में गोपाष्टमी की धूम, कृषक सम्मेलन के साथ गौसेवा और संरक्षण का दिया संदेश











