भाजपा किसान मोर्चा में राजेश साहू को मिली बड़ी जिम्मेदारी, रायपुर संभाग के 6 जिलों में संभालेंगे किसान मितान अभियान की कमान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री एवं धमतरी जिला प्रभारी राजेश साहू को किसान मितान गठन अभियान के अंतर्गत रायपुर संभाग संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति से रायपुर संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसान साथियों में उत्साह का वातावरण है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संचालित किसान मितान अभियान का उद्देश्य किसानों को संगठन से जोड़ना, बूथ स्तर पर मजबूत किसान नेटवर्क तैयार करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति के किसानों तक पहुँचाना है।
रायपुर संभाग संयोजक के रूप में श्री साहू रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद एवं धमतरी सहित सभी छह जिलों में अभियान के प्रभावी संचालन, संगठनात्मक समन्वय एवं बूथ स्तरीय विस्तार की जिम्मेदारी निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राजेश साहू लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। पूर्व में भाजपा रायपुर ग्रामीण के जिला प्रवक्ता एवं जिला सह-प्रभारी सहित विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके श्री साहू वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं धमतरी जिला प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं संगठनात्मक गतिविधियों से उनका निरंतर जुड़ाव रहा है।
योजनाओं की जानकारी किसान तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजेश साहू ने कहा कि “भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय आलोक सिंह ठाकुर एवं संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। मेरा प्रयास रहेगा कि रायपुर संभाग के सभी छह जिलों में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से ‘हर बूथ – 10 किसान मितान’ के संकल्प को धरातल पर उतारा जाए। किसानों को संगठित करना, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुँचाना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता रहेगी।”
श्री साहू ने आगे कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। किसान मितान अभियान केवल सदस्य जोड़ने का प्रयास नहीं, बल्कि किसानों और संगठन के बीच संवाद, विश्वास एवं सहभागिता का स्थायी सेतु बनाने का अभियान है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर संभाग के सभी जिलों, मंडलों एवं बूथों के पदाधिकारियों और किसान साथियों के सामूहिक प्रयास से किसान मितान अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
विकसित भारत का मंत्र है एकात्म मानववाद और अंत्योदय: रिकेश साहू











