नवापारा CHC की बदहाल व्यवस्था! 50 बिस्तरों का अस्पताल या रेफरल सेंटर? अस्पताल में डॉक्टरों की मनमानी, विधायक के सख्त निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा का 50 बिस्तरों वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और लापरवाही के चलते सवालों के घेरे में है। अस्पताल में डॉक्टरों से लेकर मशीनों तक की सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन मरीजों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा। हालात इतने चिंताजनक हैं कि क्षेत्र में हुई 184 डिलीवरी में महज 14 प्रसव ही सरकारी अस्पताल में हुए, जबकि 170 महिलाओं को निजी अस्पतालों या अन्य जगहों का रुख करना पड़ा।
डॉक्टरों की अनियमित उपस्थिति, मरीजों को रेफर करने की शिकायत और जीवनदीप समिति की वित्तीय अव्यवस्थाओं ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। इन शिकायतों पर जीवनदीप समिति के अध्यक्ष एवं विधायक इंद्र कुमार साहू का गुस्सा फूट पड़ा। समीक्षा बैठक में उन्होंने डॉक्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्भवती महिलाओं का मुद्दा गरमाया
बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी को लेकर सामने आया। जानकारी के अनुसार, नवापारा क्षेत्र में करीब 184 महिलाओं की डिलीवरी हुई, लेकिन इनमें से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल 14 प्रसव हुए। शेष 170 महिलाओं को निजी अस्पतालों अथवा अन्य स्थानों पर डिलीवरी करानी पड़ी।
आखिर 50 बिस्तरों वाले सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी की सुविधा क्यों नहीं मिल पा रही है? यह सवाल बैठक में प्रमुखता से उठा। शिकायतों में यह आरोप भी सामने आया कि कुछ मामलों में कमीशन के लालच में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जाता है। वहीं, अस्पताल में अनुभवी डॉक्टरों की उपलब्धता और उनकी मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे। डॉक्टरों की अनुपस्थिति में नर्सों के सामने भी सामान्य प्रसव कराने को लेकर मुश्किलें आने की बात कही गई।
विधायक ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सामान्य और सिजेरियन, दोनों तरह की डिलीवरी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाओं को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
11 डॉक्टर पदस्थ, लेकिन 6 के ही आने की शिकायत
अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आईं। बताया गया कि यहां 11 डॉक्टर कार्यरत हैं, लेकिन नियमित रूप से केवल 6 डॉक्टरों के ही आने की बात कही गई। आरोप है कि आने वाले डॉक्टरों के समय का भी कोई स्पष्ट अनुशासन नहीं है और कुछ अपनी मनमर्जी से अस्पताल पहुंचते हैं। बॉन्ड वाले डॉक्टरों के समय पर नहीं आने की शिकायत भी बैठक में उठी।
इस पर विधायक इंद्र कुमार साहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में डॉक्टरों की मौजूदगी और समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचता है, लेकिन डॉक्टर ही समय पर उपलब्ध नहीं होंगे तो सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कैसे कायम रहेगा?
जीवनदीप समिति में फंड नहीं, कर्मचारियों के वेतन पर संकट
बैठक में जीवनदीप समिति की वित्तीय स्थिति को लेकर भी विधायक नाराज नजर आए। समिति में फंड की कमी के कारण कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर संकट की बात सामने आई। इसके साथ ही वित्तीय अधिकारों के कथित दुरुपयोग और समिति की स्वीकृति के बिना लाखों रुपये खर्च किए जाने की शिकायतें भी उठीं।
विधायक ने फिजूलखर्ची पर नियंत्रण रखने और समिति के पैसों का पारदर्शी तरीके से उपयोग करने के निर्देश दिए। अस्पताल के संचालन और कर्मचारियों के वेतन जैसी जरूरी व्यवस्थाओं पर संकट पैदा होना भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
लाखों की मशीनें खराब, मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ
अस्पताल में सुविधाओं के नाम पर संसाधन तो मौजूद हैं, लेकिन उनका लाभ मरीजों तक नहीं पहुंच पा रहा है। बैठक में नई सोनोग्राफी मशीन खराब होने और उसे सुधारने में खर्च आने की बात सामने आई। एक्स-रे मशीन की स्थिति को लेकर भी शिकायतें रखी गईं।
फार्मासिस्ट की हाजिरी पर भी सवाल, कार्रवाई के निर्देश
बैठक में फार्मासिस्ट लक्ष्मण खेलवार की उपस्थिति को लेकर भी शिकायत सामने आई। आरोप लगाया गया कि वे सप्ताह में कभी-कभार ही अस्पताल आते हैं, लेकिन पूरे दिन की उपस्थिति दर्ज कर दी जाती है। इस शिकायत पर विधायक ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक की दो टूक- शिकायत मिली तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
बैठक में जीवनदीप समिति के अध्यक्ष एवं विधायक इंद्र कुमार साहू ने डॉक्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जिस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों को मिलनी चाहिए, वैसी स्थिति अभी नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाली कमियों को दूर किया जा रहा है, लेकिन व्यवस्था में लापरवाही और मरीजों के साथ अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने डॉक्टरों को समय पर उपस्थित रहने, गर्भवती महिलाओं को सभी जरूरी सुविधाएं देने, अस्पताल में सामान्य और सिजेरियन डिलीवरी की व्यवस्था मजबूत करने तथा अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अस्पताल से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में अभनपुर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.बी. कोसरिया, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) अश्वनी पांडे, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव वैद्य, एल.पी. तारक, जीवनदीप समिति के सदस्य नागेंद्र वर्मा, डॉ. लीलाराम साहू, दिनेश सांखला, सौरभ सिंटू जैन, मेघनाथ साहू, साधना सौरज, धनमती साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











