Odisha Train Accident : मृतक संख्या 233 हुई, 900 से अधिक यात्री घायल, देखिए फोटो-वीडियो

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- शुक्रवार शाम हुए ओडिशा में हुए भीषण रेल हादसे में मृतक संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हादसे में अब तक 233 से अधिक यात्रियों की मौत हो चुकी है जबकि 900 से अधिक यात्री गंभीर घायल हैं।
बता दें कि ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम ट्रेन हादसा हो गया। हादसे में तीन ट्रेनों की टक्कर हुई है। प्राप्त

जानकारी के अनुसार, एसएमवीबी-हावड़ा एक्सप्रेस (12864), कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी की टक्कर हुई है। सबसे पहले हावड़ा एक्सप्रेस की मालगाड़ी से टक्कर हुई। उसके बाद मालगाड़ी कोरोमंडल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई। फिलहाल इस रूट की ट्रेनों को रोक दिया गया है।
हादसे के बाद राहत तथा बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू में सेना को भी लगा दिया गया है। मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।
प्रधानमंत्री-रेलमंत्री ने मुआवजे का ऐलान किया
पीएम मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में मरने वाले लोगों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया।
वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 2 लाख रुपए और मामूली चोट लगने वाले लोगों के लिए 50,000 रुपए देने की घोषणा की है।
हादसे से जुड़ी प्रमुख अपडेट्स…
- ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया। कहा- मैंने अभी रेल दुर्घटना की स्थिति की समीक्षा की। कल सुबह घटनास्थल का दौरा करूंगा। ओडिशा सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
- ट्रेन दुर्घटना के बाद शनिवार को होने वाला गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का इनॉगरेशन समारोह रद्द कर दिया गया है।
- जिला कलेक्टर, एसपी, रेंज आईजी पुलिस मौके पर 3 एनडीआरएम टीम और 20 से अधिक फायर सर्विस एंड रेस्क्यू टीम के साथ राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।
- भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 115 एम्बुलेंस, 50 बसें और 45 मोबाइल हेल्थ यूनिट्स तैनात हैं। इसके अलावा 1200 बचाव कर्मी भी मौजूद हैं।
- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दुर्घटनास्थल के लिए निकल गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके बताया कि भुवनेश्वर और कोलकाता से रेस्क्यू टीमें भेज दी गई हैं। एनडीआरएफ, राज्य सरकारों की टीम और एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर्स रेस्क्यू के लिए पहुंच गए हैं।
- 2000 से ज्यादा लोग रात भर से बालासोर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर खड़े हैं, ताकि घायलों को मदद पहुंचा सकें। कई लोगों ने खून भी डोनेट किया।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एम्स भुवनेश्वर में घायलों के लिए बिस्तर, आईसीयू आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।
- हादसे वाले इस रूट की 6 ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं। कुछ ट्रेनों का रूट बदला गया है।