महतारी वंदन योजना के पात्र महिला हितग्राहियों के खाते में आएगी पहली किस्त, PM मोदी ऑनलाईन जुड़कर करेंगे सम्बोधित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2024 के अवसर पर 07 मार्च को सुबह 11 बजे प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महिला सम्मेलन का आयोजन महतारी वंदन सम्मेलन के रूप में किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं नगरीय निकायों में आयोजित कार्यक्रमों से सीधे ऑनलाईन जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे और हितग्राहियों से बात करेंगे।

राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे और महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की सभी पात्र विवाहित महिला हितग्राहियों के खाते में प्रथम बार राशि का अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय हितग्राहियों से बात कर योजना के लाभ के बारे में चर्चा करेंगे। महिलाओं के खाते में राशि का भुगतान ऑनलाईन डी.बी.टी. मोड के माध्यम से किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त करने के अभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा प्रदेश की जनता को दी गई गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 01 मार्च 2024 से नवीन महतारी वंदन योजना लागू की गई है। योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को 1000 रूपए की मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस प्रकार महिलाओं को 12 हजार रूपए वार्षिक प्राप्त होगा। योजना के तहत 07 मार्च को पहली बार सहायता राशि दी जाएगी। इससे लगभग 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KXMph2IgH9T4RnnjNiUBf5

अन्य खबर भी जरूर पढ़े

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा में की बड़ी घोषणा

Related Articles

Back to top button