नवापारा ब्रेकिंग: दस्तावेजों का किया दुरुपयोग, 25 मोबाइल नंबर कर दिए जारी, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा में फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले आरोपी को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है, जो लोगों के पहचान दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अवैध रूप से सिम जारी कर रहा था। नवंबर 2025 में इस मामले में FIR दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की थी। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
नवापारा पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रायपुर के माध्यम से मिले पत्र के आधार पर फर्जी सिम जारी करने वाले प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) की सूची की जांच की गई। जांच के दौरान 25 मोबाइल नंबर संदिग्ध पाए गए। जिसके बाद पुलिस द्वारा संबंधित मोबाइल नंबरों के धारकों से संपर्क कर पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच के दौरान लोगों ने अपने पहचान दस्तावेजों, फोटो और अन्य जानकारी का उपयोग उनकी जानकारी के बिना सिम कार्ड जारी करने की बात कही। उन्होंने अपने बयान में बताया कि उनके नाम से जारी सिम कार्ड की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। न तो उन्होंने कभी जारी सिम लिया और न ही उसका उपयोग किया।
जांच के दौरान पता चला कि नवापारा स्थित सदर रोड चौधरी कॉम्प्लेक्स में संचालित आगम टेलीकॉम के संचालक दर्शनदीप जैन द्वारा लोगों के आधार कार्ड और फोटो का बिना उनकी जानकारी के उपयोग कर 25 मोबाइल नंबर जारी किए गए और उन्हे अन्य व्यक्तियों को बेच दिए गए।
पुलिस ने इस मामले में अपराध BNS की धारा 318(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान जिन लोगों के नाम पर सिम जारी किए गए थे, उनके बयान भी दर्ज किए गए।
आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
पुलिस टीम ने दर्शनदीप जैन पिता स्व० अशोक कुमार जैन उम्र 30वर्ष साकिन अभाना थाना नोहेता जिला दमोह (म.प्र) की तलाश करते हुए उसे जबलपुर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे थाना लाकर पूछताछ की गई तब आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











