नवापारा ब्रेकिंग: दो हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक; विधायक ने संभाली रेस्क्यू की कमान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा इलाके से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बीती रात रेत से भरे दो हाइवा वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। टक्कर के बाद एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विद्युत पोल से जा टकराया। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार नवापारा-आरंग मार्ग पर ग्राम कोलियारी और नवागांव के बीच यह भीषण हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि रेत से भरी हाइवा नवापारा से नवा रायपुर की ओर जा रही थी। वहीं विपरीत दिशा से खाली हाइवा आ रहा था। तभी नवागांव नाले के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद खाली हाइवा का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे विद्युत पोल से जा टकराई।
विधायक ने रोका काफिला, संभाला मोर्चा
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर जुट गए। संयोगवश उसी दौरान राजिम विधायक रोहित साहू रायपुर से अपने क्षेत्र लौट रहे थे। दुर्घटना देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। विधायक ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे में दोनों हाइवा चालकों केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। विधायक रोहित साहू स्वयं करीब एक से डेढ़ घंटे तक मौके पर डटे रहे। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से लगातार प्रयास कर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों चालकों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से दोनों की जान बच गई।
एक हाइवा में रेत, दूसरा था खाली
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक हाइवा रेत से लदा हुआ था, जबकि दूसरा वाहन खाली था। हादसे में एक चालक के पैर में फ्रैक्चर आया है। घायलों में एक चालक तुलसी बारहडेरा और दूसरा तामानिवनी का निवासी बताया जा रहा है।
विधायक की तत्परता की हो रही सराहना
घटना के बाद क्षेत्रभर में विधायक रोहित साहू की तत्परता और संवेदनशीलता की चर्चा हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का इस तरह मौके पर रुककर स्वयं राहत कार्य में शामिल होना सराहनीय है। लोगों का मानना है कि विधायक की सक्रियता के कारण घायलों को समय पर मदद मिल सकी। फिलहाल नवापारा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, ओवरटेक के दौरान हादसा, गाड़ी के उड़े परखच्चे











