नवापारा ब्रेकिंग: पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, ओवरटेक के दौरान हादसा, गाड़ी के उड़े परखच्चे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार नवापारा-आरंग मुख्य मार्ग पर हनुमान एग्रो के पास पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ।
बताया जा रहा है कि एक अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप चालक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
धान से भरा ट्रक पलटने से बचा
ट्रक जौदा धान संग्रहण केंद्र से धान लोड कर राइस मिल की ओर जा रहा था। हादसे के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झुक गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और ट्रक पलटने से बच गया। यदि ट्रक पलट जाता तो भारी हानि होने की आशंका थी।
पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट
हादसे में पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना के बाद घायल चालक दर्द से कराहता रहा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: राजिम में भीषण सड़क हादसा! बेकाबू ट्रक ने कार को मारी टक्कर, फिर दुकान में जा घुसा











