ज्वेलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में ठगी, 5 लाख के जेवर पहनकर फरार हुई महिला, सहेली को बुलाने का बनाया बहाना, जानिए पूरा मामला

साथ आया युवक भागने लगा तो कर्मचारियों ने दबोचा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और जेवर ट्राई करने के बहाने उन्हें पहन लिया। इसके बाद सहेली को बुलाने का बहाना बनाकर बाहर निकली और फरार हो गई। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार कुशालपुर तिरंगा चौक निवासी दुर्गा सोनी की देवपुरी स्थित सतनाम चौक में मां दुर्गा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे एक युवक और महिला दुकान पर पहुंचे और सोने का रानी हार खरीदने की बात कही। उस समय दुकान में दुर्गा सोनी का बेटा पंकज सोनी मौजूद था।

पंकज ने फोन कर अपने पिता को रानी हार लाने के लिए कहा। इसके बाद दुर्गा सोनी अपने परिचित के साथ दूसरी ज्वेलरी दुकान से रानी हार लेकर पहुंचे और महिला को दिखाया। इस दौरान महिला ने खरीदारी के नाम पर एक-एक कर कई जेवर ट्राय करने शुरू कर दिए।

बताया जा रहा है कि महिला ने सोने का रानी हार (3.45 लाख रुपये), सोने की चांद बाली की जोड़ी (1.08 लाख रुपये), सोने की अंगूठी (19,500 रुपये), चांदी की पायल की जोड़ी (16,200 रुपये) और तीन जोड़ी बिछिया (4,300 रुपये) पहन लिए। इन सभी जेवरों की कुल कीमत करीब 4.93 लाख रुपये बताई गई है।

सहेली को बुलाने का बहाना, फिर हो गई फरार

कुछ देर बाद महिला ने कहा कि उसकी एक सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी रानी हार खरीदेगी। यह कहकर वह फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथ आए युवक से संपर्क किया गया। युवक ने महिला को फोन लगाया तो उसने खुद को पास की गली में बताते हुए पांच मिनट में आने की बात कही, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया।

युवक भागने लगा, कर्मचारियों ने पकड़ा

इसी बीच महिला के साथ आया युवक भी धीरे-धीरे दुकान से निकलकर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मेषराम साहू और फरार महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। घटना की शिकायत टिकरापारा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी हुई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में चोरी, सोने की चेन लेकर भागा युवक, घटना सीसीटीवी में कैद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button