90 हजार रिश्वत लेते फूड इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार, सरकारी राशन दुकान आबंटन के नाम पर मांगे थे एक लाख रुपए

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शनिवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए फूड इंस्पेक्टर को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने स्व-सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य दुकान आबंटित करवाने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी।

जानिए पूरा मामला

बिलासपुर ईकाई के डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह ने बताया कि मस्तूरी थाना ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, गांव की उचित मूल्य दुकान वर्तमान में पंचायत द्वारा संचालित की जा रही है। इसे शैल स्व-सहायता समूह को आबंटित कराने के लिए करीब तीन महीने पहले एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

समूह के पदाधिकारियों ने दुकान का आबंटन शीघ्र कराने की जिम्मेदारी महेंद्र पटेल को सौंपी थी। जब उन्होंने इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से संपर्क किया, तो आरोपी ने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आबंटन आदेश जारी करवाने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत का सत्यापन, फिर बिछाया जाल

महेंद्र पटेल रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने एसीबी से संपर्क कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई। शिकायत का विधिवत सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की रणनीति बनाई।

घर में ली रकम, टीम ने दबोचा

बताया गया कि 21 फरवरी 2026 को तय योजना के तहत प्रार्थी को 90 हजार रुपये की व्यवस्था कर अधिकारी को देने भेजा गया। अधिकारी ने अपने महावीर सिटी स्थित आवास पर जैसे ही रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। उसके कब्जे से पूरी 90 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली गई। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी के निवास पर तलाशी की कार्रवाई भी जारी है।

जिले में लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में एसीबी द्वारा हाल के दिनों में लगातार ट्रैप अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित चार अन्य आरोपियों को भी रिश्वत लेते पकड़ा जा चुका है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग के लोक सेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तुरंत सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किया जा सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर ब्रेकिंग: नामांतरण के लिए किसान से रिश्वत की मांग, ACB ने पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button