दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, एक हफ्ते बाद थाने पहुंचा आरोपी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मोबाइल टूटने से गुस्साए एक युवक ने अपने ही दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के भीतर गड्ढा खोदकर दफना दिया। करीब एक सप्ताह तक यह राज छिपा रहा, लेकिन ‘भूत’ के डर से परेशान आरोपी आखिरकार खुद थाने पहुंच गया और सारे राज उगल दिए। मामला सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार घटना 24-25 मार्च की रात की है। मृतक बृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में अपने दोस्त मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा था और शराब पीने का दबाव बना रहा था। नवरात्रि के चलते मिथलेश ने मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान झूमाझटकी में मिथलेश का मोबाइल गिरकर टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दोस्त की हत्या कर घर में ही दफना दिया शव

घटना के बाद आरोपी घबरा गया। उसने और उसकी पत्नी राजकुमारी (36) ने सबूत मिटाने की नीयत से घर के भीतर पहले से खोदे गए गड्ढे में शव को दफना दिया। ऊपर से प्लाईबोर्ड रखकर मिट्टी डाल दी गई, ताकि किसी को शक न हो। करीब एक सप्ताह बाद आरोपी मंगलवार रात गांधीनगर थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त की हत्या कर शव घर में ही दफना दिया है। आरोपी ने यह भी कहा कि उसे मृतक का “भूत” दिखाई देता है, जो उससे अंतिम संस्कार करने की बात कहता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीएसपी राहुल बंसल, न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में गड्ढे की खुदाई कराई गई, जहां से बृजलाल का शव बरामद हुआ। एक सप्ताह तक दफन रहने के कारण शव सड़ने लगा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पति-पत्नी गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी दंपती कुछ दिनों तक रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। मानसिक दबाव और डर के कारण अंततः आरोपी ने खुद आत्मसमर्पण कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

होलिका दहन की रात दोस्त की हत्या, शॉकब रॉड से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button