महाशिवरात्रि पर कुलेश्वर नाथ व राजीव लोचन मंदिर में उमड़ी अपार भीड़, घंटों इंतजार के बाद मिले दर्शन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तीन नदियों के संगम पर स्थित पंचमुखी कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर और राजीवलोचन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लग गईं और श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।

मंदिर के सामने प्रशासन द्वारा तीन से चार कतारों में बैरिकेड्स लगाए गए थे। बैरिकेड्स भरने के बाद श्रद्धालुओं की लाइन दूर तक फैल गई। चिलचिलाती धूप में भी श्रद्धालु अडिग भाव से खड़े रहे। प्रशासन ने धूप से राहत देने के लिए पंडाल की व्यवस्था की थी, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण कई श्रद्धालुओं को खुले में ही इंतजार करना पड़ा। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक देखने को मिली।

रायगढ़ की बिसाहिन बाई, महासमुंद की केकती और भिलाई की दुर्गा ने बताया, “आज महाशिवरात्रि है, दो घंटे लगें या पांच घंटे, बाबा के दर्शन करके ही जाएंगे। इतनी दूर से आए हैं, संगम में स्नान कर अब महादेव के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।” वहीं उड़ीसा के धुरवा राम, रायपुर के थानेश्वर और लोकेश साहू, कांकेर के मुन्नालाल तथा गरियाबंद के योगेश कुमार ने कहा कि महाशिवरात्रि पर पंचमुखी कुलेश्वरनाथ महादेव के दर्शन अत्यंत शुभ माना जाता हैं।

उन्होंने कहा, “विश्व में विरले इस स्वरूप के दर्शन का सौभाग्य मिला है, ऐसे अवसर को छोड़ नहीं सकते।” मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और धैर्य ने महाशिवरात्रि के पर्व को राजिम में और भी विशेष बना दिया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

त्रेता युग में माता सीता ने रेत से बनाई थी शिवलिंग, आज भी निभाई जाती है शिवलिंग निर्माण की परंपरा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button