ढाई साल के मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या, गहरी खाई में मिला शव, ‘अपहरण’ की झूठी कहानी रचती रही मां, गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला तीन दिनों तक ‘अपहरण’ की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करती रही, लेकिन आखिरकार पुलिस की सख्ती के आगे उसका झूठ बेनकाब हो गया। मामला रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार पारेमेर गांव निवासी बोधसाय मंझवार (28) ने 19 अप्रैल को कापू थाने में बेटे अनुज के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल गया था, जबकि घर पर पत्नी सोनमती सरोती मंझवार (27) और दोनों बच्चे मौजूद थे। दोपहर में लौटने पर घर सूना मिला। शाम को साढ़े चार साल की बेटी ढूलबाई घर पहुंची और बताया कि मां उसे वापस भेजकर छोटे भाई अनुज को लेकर नानी घर की ओर गई है।

गहरी खाई में मिला शव

परिजनों और ग्रामीणों ने दो दिनों तक जंगल में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ की पगडंडी पर एक महुआ पेड़ के पास खून से सना पत्थर मिला। पास ही गहरी खाई में मासूम अनुज का शव बरामद हुआ, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर संदेह के आधार पर मां को हिरासत में लिया। शुरुआत में महिला लगातार अपहरण की झूठी कहानी गढ़ती रही, लेकिन कड़ी पूछताछ में वह टूट गई।

पैदल नहीं चलने पर हत्या

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बच्चों को लेकर मायके जा रही थी। पहाड़ी चढ़ाई के दौरान थकान के चलते उसने बेटे को गोद से उतारकर पैदल चलने को कहा, लेकिन बच्चे के बैठ जाने पर गुस्से में आकर उसने उसे जमीन पर पटक दिया और पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह घर लौटकर झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित करती रही।

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

रोते बच्चे को चुप नहीं करा सकी मां, 4 माह के मासूम को पटककर मार डाला, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button