पत्नी से बात करते देख पति ने खोया आपा, पड़ोसी युवक का कुल्हाड़ी से काट दिया गला, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करने की रंजिश में एक पति ने अपने ही पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र का है।
पड़ोसी के घर पर मिला शव
जानकारी के अनुसार ग्राम गनियारी निवासी नंदकुमार पटेल (39) का शव सोमवार सुबह खून से लथपथ हालत में उसके घर से कुछ दूरी पर पड़ोसी जयशंकर के घर से लगे बाड़ी में पड़ा मिला। मृतक के चेहरे और सिर पर गहरे घाव थे। शव देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
स्निफर डॉग की मदद से पकड़ा गया आरोपी
हत्या की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान स्निफर डॉग ‘बाघा’ ने शव से गंध लेकर सीधे पड़ोस में रहने वाले जयशंकर के घर की ओर रुख किया, जिससे पुलिस का शक उसी पर टिक गया। मृतक नंदकुमार पटेल का उसके घर आना-जाना था। इसके बाद पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
कुल्हाड़ी मारकर की हत्या
बताया जा रहा है कि मृतक नंदकुमार अक्सर जयशंकर की पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करता था, जो आरोपी को नागवार गुजरता था। रविवार रात जब जयशंकर घर लौटा, तो उसने नंदकुमार को अपनी पत्नी से बातचीत करते हुए देख लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में जयशंकर नंदकुमार को घर से लगी बाड़ी की ओर ले गया और वहां कुल्हाड़ी से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर घर लौट गया। बताया जा रहा है कि मृतक नंदकुमार पटेल विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











