फिंगेश्वर में शादी समारोह के बीच बड़ी चोरी, मंच से लाखों के नगदी व जेवर से भरा थैला पार, फोटोशूट के दौरान वारदात

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में आयोजित एक विवाह आशीर्वाद समारोह के दौरान अज्ञात चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मंच पर रखे नगदी व सोने-चांदी के जेवरों से भरे थैले को चोर भीड़ का फायदा उठाकर पार कर ले गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हजारों की भीड़ में हुई वारदात
जानकारी के अनुसार ग्राम सेंदर निवासी रामाधार साहू के पुत्र नोसराम (गोलू) साहू का विवाह के उपलक्ष्य में 28 मार्च की रात गांव के हाई स्कूल मैदान में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होकर देर रात तक चला, जिसमें करीब 4 से 5 हजार लोग शामिल हुए। समारोह के दौरान मेहमान मंच पर पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए नकद राशि से भरे लिफाफे व जेवर भेंट कर रहे थे। इन उपहारों को दो थैलों में सुरक्षित रखा गया था, जिन्हें मंच पर दूल्हा-दुल्हन की कुर्सी के पास रखा गया था।
फोटोशूट बना मौका, चोर ले उड़े थैला
रात करीब 12.30 से 1.30 बजे के बीच दूल्हा-दुल्हन फोटोशूट के लिए मंच से लगभग 100 मीटर दूर बने सेल्फी जोन में गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए एक थैला पार कर दिया। घटना के बाद जब परिजन वापस मंच पर पहुंचे तो एक थैला गायब मिला, जबकि दूसरा आधा भरा थैला वहीं पड़ा था। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी शामिल हुए थे।
लाखों का नुकसान
पीड़ित रामाधार साहू द्वारा थाना फिंगेश्वर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए थैले में लगभग डेढ़ लाख रुपये नगद व चांदी के जेवर थे। वहीं, समारोह में मौजूद लोगों के अनुसार कुल नुकसान इससे कहीं अधिक करीब 4 लाख रुपये नकद और 1.5 से 2 लाख रुपये के जेवर तक हो सकता है।
फुटेज से खुलेगा राज
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समारोह स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज व समारोह में कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि फुटेज से आरोपियों की पहचान हो सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











