राधाकृष्ण मंदिर शताब्दी महोत्सव : कल निकलेगी विशाल कलश शोभायात्रा, नानी बाई का मायरा एवं विजयशंकर मेहता का होगा आध्यात्मिक उदबोधन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर के हृदय स्थल स्थित सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल द्वारा स्थापित राधा कृष्ण मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शताब्दी महोत्सव में 24 से 30 नवंबर तक विशाल विष्णु महायज्ञ का आयोजन जारी है। यज्ञाचार्य संतोष मिश्रा, उपाचार्य देवेंद्र दुबे समेत काशी और अंचल के 13 विद्वान ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दे रहे हैं। यजमान प्रतीक पूजा अग्रवाल और नयन निधि अग्रवाल वैदिक नियमों का पालन करते हुए यज्ञ में भाग ले रहे हैं।
यज्ञ स्थल पर दर्शन और परिक्रमा के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारो ओर वेदपाठ का उच्चारण, यज्ञ हवन की चारो ओर फैल रही मन को शांति देने वाली सुगंध एवं एक तरफ कामधेनु गाय के दर्शन करने मात्र से यज्ञ स्थल पर दिव्य अनुभूति हो रही है।

शताब्दी महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत कल 28 नवंबर को विशाल कलश यात्रा सुबह 10 बजे मंदिर प्रांगण से निकलेगी, जो गंज रोड़ होते हुवे सदर मार्ग वापस मंदिर पहुंचेगी। कलश यात्रा में राधाकिशोरी जी रथ पर विराजमान रहेंगी। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक टोलियां भी इस आयोजन में चार चाँद लगाएगी। जिसमे आगे आगे 7 घोड़े चलेंगे जो धर्म ध्वजा फहराते हुवे चलेंगे।
ये होंगे विशेष आकर्षण
इसके अलावा राजनांदगांव के रंगोली कलाकार कलश यात्रा के सामने पूरे मार्ग में रंगोली बनाते चलेंगे, जो आकर्षण का केंद्र रहेगा, साथ ही राजनांदगांव से ही महाकाल एवं अघोरियों की टोली अघोरी नृत्य पेश करते चलेगी, फिर राउत नाचा, उड़ीसा पदमपुर से 35 लोगो की टोली बड़े बड़े झांझ, मंजीरा लेकर नृत्य करेंगे, बस्तर की टोली अपने पारंपरिक वेशभूषा में रहेंगे, साथ ही राधा कृष्ण भगवान की झांकी, भजन मंडली आदि मनमोहक झांकिया इस विशाल कलश यात्रा में आकर्षण रहेंगी।
कलश यात्रा के वापस मंदिर पहुंचने के बाद दोपहर 3 बजे से दीदी राधा किशोरीजी के द्वारा पूरे नृत्य नाटिका के साथ नरसिंग भगत एवं भगवान कृष्ण की सत्य कथा नानी बाई का मायरा का आयोजन होगा, जो 28 से 30 नवम्बर प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारम्भ होगा। शाम 7 बजे से प्रतिवर्ष रामनवमी के अवसर पर पूरे विश्व में एक समय पर एक साथ सवा करोड़ हनुमान चालीसा कराने वाले, उज्जैन के विजय शंकर मेहता का सनातन धर्म पर ऐतिहासिक उदबोधन होगा।
राधाकृष्ण मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जिस प्रकार से वृंदावन में बांके बिहारी में फूल बंगला सजाया जाता है वैसे ही इस मंदिर परिसर को फूल बंगला से सजाने कलकत्ता से टीम आई हुई है। वहीं पूरे नगर को झालर लाइट और वंदनवार से सुसज्जित किया गया है। नगर में चल रहा एक माह का यह विशाल आयोजन पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सेवाधारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे

देशभर से रेखराज परिवार के 300 से अधिक सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर में पहुंचे हैं। राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट और सभी समाजों के सेवाधारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। इस आयोजन को सफल बनाने काफी दिनों से नगर की माता बहने कलश को बहुत ही सुंदर सजाने में लगी हुई है। सालासर समिति नगर के हर वार्ड मोहल्ले में एवं आसपास के गांवों में माता बहनों के साथ कलश यात्रा को सफल बनाने बैठक कर रही है।
राधा कृष्णमन्दिर ट्रस्ट के सर्वराकार मोहन लाल अग्रवाल, गोपाल एवं गिरधारी अग्रवाल ने नगर वासियों के साथ साथ अंचल वासियों से इस विशाल विष्णु महायज्ञ एवं विभिन्न धार्मिक आयोजन में शामिल होने अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











