नवविवाहिता की खौफनाक करतूत, पति से मँगवाया कीटनाशक, फिर मुर्गा-भात में मिलाकर खिला दिया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवविवाहिता की खौफनाक करतूत सामने आई है। दरअसल, नवविवाहिता ने शादी के 36 दिन बाद अपने पति की हत्या कर दी। महिला ने अपने पति से खेत में लगे कीटों को मारने के लिए कीटनाशक लाने को कहा, फिर उस दवा को खाने में मिलाकर अपने पति को खिला दिया। जिससे पति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत रंका थाना क्षेत्र का है।

महिला ने कहा “पति पसंद नहीं”

जानकारी के अनुसार, बाहोकुदर गांव निवासी बुधनाथ सिंह (23 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 11 मई 2025 को बाहोकुदर निवासी 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह की शादी छत्तीसगढ़ के विशुनपुर (रामचंद्रपुर थाना) निवासी रघुनाथ सिंह की पुत्री सुनीता सिंह से हुई थी। शादी के अगले ही दिन सुनीता अपने मायके चली गई। उसने साफ कह दिया कि उसे उसका पति पसंद नहीं है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई और सुनीता 5 जून को ससुराल लौट आई।

14 जून को पति-पत्नी बाजार गए थे। इस दौरान सुनीता ने अपने पति से फसलों में लगे कीटों को मारने के लिए कीटनाशक खरीदवाया। अगले दिन सुनीता ने वही कीटनाशक मुर्गा-भात में मिलाकर अपने पति को रात के खाने में खिला दिया, जिससे बुधनाथ की मौत हो गई। इस मामले में मृतक युवक की मां राजमती कुंवर ने पुलिस को आवेदन देकर अपनी बहू पर हत्या का आरोप लगाया है।

वहीं, सुनीता ने कहा कि मेरी सास (राजमती देवी) मुझे मारना चाहती थी। उसने खाने में जहर मिला दिया था। जहरीला खाना मुझे देना था, लेकिन गलती से सास ने अपने बेटे को दे दिया। हालांकि, पुलिस की सख्ती और सबूतों के बाद सुनीता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/K3AMYy3Qr6y8Zw044nyFjW

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या, 6 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी पर लगाया ये आरोप, 29 मिनट का बनाया वीडियो

Related Articles

Back to top button