मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, एक महिला की मौत, 14 लोग घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– क्षेत्र में इन दिनों खेती-किसानी का काम जोरों पर है। किसान खेतों में निंदाई-चलाई का काम कर रहे हैं। सुबह से ही मजदूर पिकअप-ट्रैक्टर व अन्य वाहनों में सवार होकर खेतों में जा रहे हैं। मंगलवार की दोपहर थरहा लगाकर वापस लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। घटना रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार लैलूंगा निवासी नूर आलम अपने खेत में थरहा लगाने के लिए खम्हार से आगे सिमडेगा से 22 से 25 मजदूरों को बुलाया था। दोपहर 3 बजे काम खत्म होने के बाद सभी मजदूरों को गांव लौटना था। जिस वाहन से वे आए थे, वह दूसरी बुकिंग में चला गया था। खेत मालिक ने मजदूरों को छोड़ने के लिए पिकअप बुक किया था। सभी मजदूर पिकअप में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी खम्हार पुल के बाद मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
एक महिला की मौत, 14 लोग घायल
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने मजदूरों को पिकअप से बाहर निकाला। पुलिस और एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए लैलूंगा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सिमडेगा निवासी गोमती बाई यादव (62) के रूप में हुई है। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं।
मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोना
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है। साथ ही, आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए शराब पीकर गाड़ी चलाने और मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं, ग्रामीण इलाकों के थानों में कार्रवाई शून्य है। यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd