गरियाबंद पुलिस का ‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ अभियान: अवैध प्रवासियों और संदिग्धों की सूचना देने की अपील
किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं, किरायदारों की एंट्री के लिए समाधान ऐप का उपयोग अनिवार्य

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने आम नागरिकों, ग्राम प्रमुखों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध प्रवासियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
जिला पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में जन जागरूकता अभियान ‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य आम लोगों की भागीदारी से जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों की रोकथाम करना है। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी नागरिकों, ग्राम प्रमुखों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले अनजान व्यक्तियों पर नजर रखें।
यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवैध प्रवासी दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस के टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 निकटतम पुलिस थाना अथवा जिला पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने मकान मालिकों से विशेष रूप से कहा है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराए पर कमरा देने से पहले उसका पहचान पत्र अवश्य जांचें तथा पुलिस वेरिफिकेशन कराएं। इससे संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
समाधान ऐप का उपयोग अनिवार्य
किरायेदारों के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पुलिस ने समाधान ऐप का उपयोग अनिवार्य किया है। मकान मालिक इस डिजिटल माध्यम से घर बैठे भी अपने किरायेदार की जानकारी दर्ज कर सत्यापन प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किरायेदारों की जानकारी छिपाना या सत्यापन न कराना कानूनी रूप से दंडनीय हो सकता है। अतः सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करें।
नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी
पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि संदिग्धों या अवैध प्रवासियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसलिए लोग बिना किसी संकोच के पुलिस को जानकारी दें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सजग नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं। जनता के सहयोग से ही गरियाबंद को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद पुलिस चौबीसों घंटे लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देकर नागरिक अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
फिल्मी स्टाइल में हो रही थी गांजा तस्करी, गरियाबंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा











