नहीं रहे रतन टाटा, पूरे देश में शोक की लहर, आज 4 बजे के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात्रि लगभग 11 बजे निधन हो गया है। उन्होंने 86 साल की उम्र में अंतिम सांसे ली।वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 2 दिन पहले ही उन्होंने अपने स्वस्थ होने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखर ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ‘हम अत्यंत क्षति की भावना के साथ रतन नवल टाटा को अंतिम विदाई दे रहे हैं। एक असाधारण नेता जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को आकार दिया बल्कि हमारे राष्ट्र का मूल ताना-बाना भी बुना। टाटा समूह के लिए, श्री टाटा एक चेयरपर्सन से कहीं अधिक थे। मेरे लिए वह एक गुरु थे, मार्गदर्शक और मित्र भी थे।

एक दिन का शोक घोषित

आज उनके पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन के लिए नरीमन पॉइंट स्थित नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स ( NCPA ) लॉन लाया गया है। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया है। आज शाम 4 बजे के बाद वर्ली श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा के सम्मान में एक दिन का शोक घोषित किया है। सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और आज सरकार का कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

पीएम ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोस्ट कर रतन टाटा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी बिजनेस लीडर, दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। उन्होंने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही, उनका योगदान बोर्डरूम से कहीं आगे तक गया। अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने कई लोगों का प्रिय बना लिया।

पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। बिजनेसमेन, नेता, क्रिकेटर सहित पूरा देश उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। उनसे जुड़े लोग उनके साथ बिताए पलों को याद कर उन्हे श्रद्धांजलि दे रहे है। भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उन्हे श्रद्धांजलि दी जा रही है। देश के बड़ी हस्तियों से लेकर आम आदमी तक सभी उनके निधन पर शोक जता रहे हैं। सभी उनके निधन से भावुक हो गए है। लोग उन्हे भारत रत्न देने की मांग सरकार से कर रहे है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/BMyxEfaBEgr27vmvZTmCpi

यह खबर भी जरुर पढ़े

T20 World Cup : प्लेयर ऑफ द मैच बने विराट कोहली, मैच के बाद T20 से लिया संन्यास कहा

Related Articles

Back to top button