किराना दुकान के पास विवाद, युवक पर चलाई गोली, रिटायर्ड फौजी समेत 2 गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रिटायर्ड फौजी ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिटायर्ड आर्मी जवान और उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि घायल युवक और उसके साथी दुकान के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले हवाई फायरिंग की, फिर युवक पर गोली चला दी। घटना जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पामगढ़ के व्यासनगर में रिटायर्ड हवलदार गुलशन श्रीवास और उसका भाई हिमांशु श्रीवास किराना दुकान चलाते हैं। गांव के शैलेंद्र साहू व पंकज कश्यप के बीच सुबह करीब 10 बजे दुकान के सामने किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों एक-दूसरे को गालियां देने लगे। दुकान में बैठे हिमांशु ने उन्हें दुकान के सामने से जाने के लिए कहा। उनके बीच कहा-सुनी हुई और फिर शैलेंद्र साहू और पंकज कश्यप वहां से चले गए। कुछ देर बाद दोनों साथियों के साथ लौटे और दुकान व घर में घुसकर तोड़-फोड़ करने लगे।
पिस्टल से की फायरिंग
इसी दौरान हिमांशु के भाई गुलशन ने लाइसेंसी पिस्टल से पहले हवाई फायरिंग की। इसके बाद दूसरी गोली चलाई, जो पंकज कश्यप के पैर में लगी। गंभीर रूप से घायल पंकज को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
आरोपी रिटायर्ड फौजी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इधर फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोग और आस-पास के दुकानदार सहम गए। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी गुलशन श्रीवास और उसके भाई हिमांशु श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी गुलशन श्रीवास सेना के सिग्नल कोर का रिटायर्ड हवलदार है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











