नवापारा में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा: उपभोक्ताओं को मिली पारदर्शी बिलिंग और सोलर योजना की जानकारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा शहर एवं ग्रामीण वितरण केंद्र कार्यालय परिसर में आज स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की उपस्थिति रही, जहां उन्हें स्मार्ट मीटर से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शिविर के माध्यम से बताया गया कि स्मार्ट मीटर से पारदर्शी बिलिंग, दैनिक विद्युत खपत की निगरानी, बिजली चोरी पर नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान करते हुए स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली समझाई।
उपभोक्ताओं को बताया गया कि पारदर्शी बिलिंग की सुविधा मुहैया कराने तथा विद्युत हानि को रोकने के लिए स्मार्ट मीटर एक बड़ी पहल है। स्मार्ट मीटर से विद्युत खपत की दैनिक निगरानी हो सकेगी, विद्युत भार के उपयोग की निगरानी कर बिजली खपत में बचत की जा सकेगी। साथ ही साथ बिल भुगतान की वास्तविक समय पर गणना संभव होती है। स्मार्ट मीटर में ऑटोमेटेड टैंपरिंग एनालिसिस के माध्यम से मीटर से छेड़छाड़ अथवा बिजली चोरी के प्रयास रोके जा सकते है,जिससे विद्युत कंपनी को हानि पर लगाम लगाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 33 लाख 75 हजार से अधिक उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से जोड़े जा चुके हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का 60 प्रतिशत से अधिक है।
मोर बिजली है उपयोगी

कार्यक्रम के दौरान “मोर बिजली” एप के उपयोग की भी जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं को बताया गया कि इस एप के माध्यम से वे अपनी बिजली खपत, बिल भुगतान और अन्य सेवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुफ्त सूर्य घर सोलर योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे उपभोक्ता सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना को बढ़ावा देने का कार्य राज्य शासन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा जैसी योजनाओं का लाभ उठाकर ऊर्जा संरक्षण में सहभागी बनें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











