मोबाइल को लेकर बॉयफ्रेंड से विवाद: छात्रा की दर्दनाक मौत, प्रेमी से पूछताछ कर रही पुलिस, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 11वीं की एक छात्रा सड़क किनारे गंभीर रूप से जली हुई हालत में मिली। करीब 95 प्रतिशत तक झुलसी छात्रा की इलाज के दौरान रायपुर में मौत हो गई। मामले में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, वहीं छात्रा के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल की सुबह विश्रामपुर-भटगांव रोड स्थित पासिंग नाला के पास राहगीरों ने एक किशोरी को गंभीर रूप से जली अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे रायपुर भेजा गया, जहां 5 अप्रैल की सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद
मृतका कक्षा 11वीं की छात्रा थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि युवती का रामनगर निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर किश्तों में एक मोबाइल फोन खरीदा था। बताया जा रहा है कि मोबाइल की पूरी रकम नहीं देने पर भूपेंद्र ने फोन अपने पास रख लिया था, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।
जलकर मरने की दी थी धमकी
बताया गया कि 3 अप्रैल की शाम मृतिका अपने प्रेमी के घर गई थी, जहां रात में रुक गई। अगले दिन सुबह मोबाइल को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इस दौरान छात्रा ने जलकर मरने की धमकी दी थी। जानकारी के अनुसार, उसने एक दुकान से पेट्रोल भी खरीदा था, जिसे प्रेमी ने देख लिया और अपने पास रख लिया। बाद में वह उसे आईटीआई कॉलोनी के पास छोड़कर लौट गया। इसके करीब आधे घंटे बाद छात्रा विश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर जली हुई अवस्था में मिली।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने प्रेमी भूपेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है कि घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











